एटा/सकीट। आसपुर-सकीट मार्ग पर कंटेनर की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। वहीं अलग-अलग हादसों में सात लोग घायल हो गए। सभी को रेफर किया गया।
सकीट के मोहल्ला काजी निवासी 45 वर्षीय ईशू देवी पत्नी विजय सिंह शनिवार को लकड़ी लेने सकीट-आसपुर मार्ग पर गईं थीं। शाम के समय लाल पुलिया के पास लकड़ी का गट्ठर उठवाने के लिए ईशू देवी ने गांव बावली निवासी अजंट सिंह को रोक लिया। इसी दौरान आसपुर की तरफ से आए एक तेज रफ्तार कंटेनर ने दोनों को टक्कर मार दी। जिसमें ईशू देवी की मौके पर मौत हो गई, जबकि अजंट गंभीर रुप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा है। जबकि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं आगरा रोड पर गांव बहादुरगढ़ के पास दो बाइकों की भिड़ंत में पुलिस लाइन निवासी 26 वर्षीय अजीत, नगला सेवा निवासी सर्वेंद्र और सहदेव घायल हो गए। तीनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया। जहां से हायर सेंटर रेफर किया गया है। जबकि सिरसा टप्पू के पास दो बाइकों की भिड़ंत में कासगंज के गांव बढ़ारी निवासी धालेंद्र सिंह, दिनेश व मिरहची निवासी देवेंद्र घायल हो गए। तीनों को मेडिकल कॉलेज से रेफर कर दिया गया है। एआरटीओ ऑफिस के पास टैंपो व कार की भिड़ंत में रिजोर निवासी सत्यम पुत्र राजेश घायल हो गया। मेडिकल कॉलेज से उसे भी रेफर कर दिया गया।