एटा। कोतवाली देहात क्षेत्र के अंतर्गत नगला सेवा में शुक्रवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला की मौत हो गई। मायका पक्ष ने अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर महिला की हत्या करने का आरोप ससुरालीजन पर लगाया है। निधौलीकलां थाना क्षेत्र के गांव रशीदपुरा खालसा निवासी अनिल कुमार ने बताया कि अप्रैल 2020 में उन्होंने अपनी भतीजी 22 वर्षीय शीतल की शादी कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव नगला सेवा निवासी किशन कुमार से की थी।
आरोप लगाया कि शादी के बाद से ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज में एक लाख रुपये सहित अन्य सामान की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उन्होंने भतीजी को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। इस दौरान दो बार पंचायत भी हुई। शुक्रवार को भतीजी के ससुरालीजन ने रस्सी से गलाघोंट कर उसकी हत्या कर दी। कोतवाली देहात प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि तहरीर मिली है, रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
बेड पर पड़ा मिला शव
मृतका के चाचा ने बताया कि शुक्रवार रात किशन ने उन्हें सूचना दी कि उनकी भतीजी ने फांसी लगा ली है। परिजन उसके घर पहुंचे तो बेड पर शव मिला। ससुरालीजन वहां मौजूद नहीं थे। गले में रस्सी के निशान मिले।