एटा। यूपी बोर्ड का हाईस्कूल व इंटरमीडिएट का परिणाम आ चुका है। इसमें कई परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण हुए हैं, तो कई विभिन्न विषयों में कंपार्टमेंट लाए है। इसको लेकर विभाग ने इन परीक्षार्थियों को इम्प्रूवमेंट परीक्षा के रूप में दूसरा अवसर दिया है। अनुत्तीर्ण व कंपार्टमेंट वाले परीक्षार्थियों के लिए आवेदन 19 मई से शुरू किये जा रहे हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत प्रजापति ने बताया कि हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में अनुत्तीर्ण व कंपार्टमेंट वाले परीक्षार्थी 19 मई से 10 जून तक फिर से परीक्षा देने के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इम्प्रूवमेंट परीक्षा के अंतर्गत हाईस्कूल के परीक्षार्थी अपने अनुत्तीर्ण हुए एक विषय में और कंपार्टमेंट परीक्षा के अंतर्गत परीक्षार्थी अपने अनुत्तीर्ण हुए 2 विषयों में से केवल किसी एक विषय में ही परीक्षा में सम्मिलित हो सकते हैं। इसके लिए परीक्षा शुल्क 256.50 पैसे कोषागार में चालान के रूप में जमा करेंगें।। वहीं, इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों को 306 रुपये चालान के रूप में कोषागार में जमा करने होंगे।