एटा। गर्मी पड़ना शुरू हो गई है। लोग घरों में पंखा, फ्रिज आदि का प्रयोग करने लगे हैं। इसके साथ ही बिजली आपूर्ति की समस्या भी शुरू हो गई है। बुधवार को शहर के उपभोक्ताओं को बिजली ट्रिपिंग के साथ मिली। जबकि शांतिनगर में तीन घंटे आपूर्ति बाधित रही।
शहर के मोहल्ला शांतिनगर निवासी शैलेंद्र, नितिन, शुभम, वेगनगर निवासी राजीव सहित अन्य लोगोें ने बताया बुधवार को सुबह 7 बजे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे मोहल्ले के लोगों को पानी की दिक्कत रही। बिजली न होने के कारण लोगों के घरों में लगी सबमर्सिबल नहीं चल पाईं। करीब 3 घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। सुबह 10:15 पर आपूर्ति बहाल हुई। तब जाकर उपभोक्ताओं को राहत मिली।
उपभोक्ताओं ने बताया विद्युत उपकेंद्र पर जब वह लोग गए तो बता दिया गया कि आपूर्ति बहाल की जा रही है, लेकिन सप्लाई को बहाल नहीं किया गया। बताया दिनभर आपूर्ति ट्रिपिंग के साथ बिजली मिलती रही। अरुणा नगर, शृंगार नगर, आगरा रोड पर भी ट्रिपिंग का खलल बना रहा। रेलवे रोड उपकेंद्र के जेई मोहित ने बताया कि दोपहर बाद विद्युत उपकेंद्र पर लगे ट्रांसफाॅर्मर का तेल बदला गया इस दौरान आपूर्ति बाधित रही।