एटा। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता लगा दी गई है। यदि इसका कहीं उल्लंघन हो रहा है तो कोई भी व्यक्ति सी-विजिल एप से शिकायत कर सकता है। जिसे अपना नाम और मोबाइल नंबर देने की भी जरूरत नहीं होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम प्रेम रंजन सिंह ने बताया कि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत के लिए चुनाव आयोग ने सी-विजिल मोबाइल एप विकसित किया है। इसको गूगल प्ले स्टोर या एप स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। एप में आचार संहिता के उल्लंघन संबंधी फोटोग्राफ, वीडियो या ऑडियो अपलोड कर सकते हैं।
शिकायत दर्ज करने के 100 मिनट के अंदर कार्रवाई की जाएगी। शिकायतकर्ता को शिकायत करने के लिए अपना नाम और मोबाइल नंबर देने की कोई बाध्यता नहीं है, लेकिन अगर शिकायतकर्ता अपने नाम या मोबाइल नंबर से शिकायत करता है तो अपनी शिकायत की स्थिति में हुई कार्रवाई को देख सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आमतौर पर सी-विजिल एप में धनराशि वितरण, गिफ्ट-कूपन वितरण, शराब वितरण आदि शिकायतों के अतिरिक्त बिना अनुमति पोस्टर, बैनर लगाना, बैठक करना, प्रचार में गाड़ी लगाना, धार्मिक तथा उन्मादी भाषण करने संबंधी परिवाद अंकित किए जाते हैं।