अलीगंज। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोग दहशत में हैं। 15 दिन में चोर 16 वारदातें कर चुके हैं। मकानों के साथ ही चोर स्कूलों को भी निशाना बना रहे हैं। सोमवार की रात एक विद्यालय में ताले तोड़कर रसोई का सामान ले गए।
लगातार चोरी की वारदातों से लोग रात में चैन से सो नहीं पा रहे हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। उच्च प्राथमिक विद्यालय हत्सारी के प्रधानाध्यापिका अनीता पांडेय बताया कि सोमवार की रात को चोरों ने विद्यालय के मेन गेट, रसोई एवं अन्य कमरों का ताला तोड़कर पूरा खंगाल डाला।
रसोई से गैस सिलिंडर, अग्निशमन यंत्र, गेहूं, चावल, रजिस्टर आदि सामान चोरी कर ले गए। इसकी रिपोर्ट अलीगंज कोतवाली में दर्ज कराई गई है। रविवार की रात को चोर प्राथमिक विद्यालय नगला सावा के कंपोजिट विद्यालय की रसोई से गैस सिलिंडर सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए।
इसकी रिपोर्ट प्रधानाध्यापक हरवेंद्र सिंह ने थाना अलीगंज में दर्ज कराई है। रायपुर, बिल्सड़, नगला रटे आदि में चोरी की घटनाएं पूर्व में हो चुकी हैं। सीओ सुधांशु शेखर ने बताया कि चोरी की घटनाओं का खुलासा किए जाने को पड़ताल की जा रही है। शीघ्र ही चोरों को गिरफ्तार कर घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।