राजा का रामपुर। क्षेत्र के गांव बिल्सड़ पवायां में कुछ लोगों ने महिला और उसकी बेटी को गिराकर पीटा। 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर तो पहुंची, लेकिन वहां मौन खड़ी रही। इस मामले की शिकायत पीड़ित महिला ने सीओ अलीगंज से की है।
पीड़िता शोभा ने बताया उसके पति सुरेंद्र मिश्रा का कई साल पहले निधन हो चुका है। पति के निधन के बाद वह और उसकी दोनों बेटियां कानपुर में रहती हैं। गांव में उनके पैतृक खेत और मकान है। जानवरों से फसल को नुकसान की जानकारी पर गांव आकर खेत पर तारों की बाड़ करा रही थी। उस समय वहां पर आरोपी सतेंद्र, पत्नी राधा, भाई सत्यवीर एवं रंजीत आ गए। उनके हाथों में तमंचे एवं लाठी-डंडे थे। उन्होंने बाड़ न लगाने के लिए धमकी दी। बेटी शिवांशी के बोलने पर आरोपियों ने उसको बेरहमी से पीटा। बेटी को बचाने पर उससे भी मारपीट की गई। बड़ी बेटी के 112 पर डायल करने पर पुलिस आई, लेकिन हमलावरों से कुछ बोलने की बजाय मौन खड़ी रही। हमलावरों के धमकाने के बावजूद हम लोगों ने थाना राजा का रामपुर पहुंचकर मामले की शिकायत की, लेकिन यहां पर भी किसी ने नहीं सुनी। सीओ सुधांशु शेखर ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।