एटा। मेडिकल कॉलेज के तहत अपग्रेड किए जा रहे जिला चिकित्सालय और जिला महिला चिकित्सालय की चिकित्सा सेवाएं इसी सप्ताह से स्तरीय होने जा रही हैं। आठ मंजिला मैटरनिटी विंग में ओपीडी का संचालन किया जाएगा। जिसमें विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों को परामर्श और इलाज उपलब्ध कराएंगे।
महिला जिला अस्पताल के प्रांगण में बनी मैटरनिटी विंग में फिलहाल पांच विशेषज्ञ चिकित्सक बैठेंगे, जो इस ओपीडी में पहुंचने वाले मरीजों का इलाज करेंगे। इसके लिए तीन फ्लोर निर्धारित किए गए हैं। ग्राउंड फ्लोर पर स्त्री एवं प्रसूति रोग की विशेषज्ञ डॉ. पायल जादौन के साथ पीडियाट्रिक वार्ड के चिकित्सक बैठेंगे। जबकि प्रथम तल पर नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. दीक्षा सेठी सेवाएं देंगी। वहीं द्वितीय तल पर दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. अर्चना मरीजों की उपचार करेंगी।
पीकू (पीडियाट्रिक इंटेसिव केयर यूनिट) वार्ड प्रथम व द्वितीय तल पर रहेगा। इनमें बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एबी सिंह बच्चों का उपचार करेंगे। इसके अलावा एसएनसीयू वार्ड में डॉ. अंशुल गुप्ता नवजात शिशुओं का इलाज करेंगे। विंग में ओपीडी को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। चिकित्सकों के कक्षों में बैठने के अलावा संसाधन, उपकरण आदि भी लगाए जा रहे हैं। जिससे वहां पहुंचने वाले मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सके। वहीं ग्राउंड फ्लोर पर ही ओटी तैयार की जा रही है।
मरीजों को भर्ती करने की भी व्यवस्था
ओपीडी के अलावा मरीजों को भर्ती करने की भी व्यवस्था रहेगी। विंग में फिलहाल गर्भवती महिलाओं व प्रसूताओं को भर्ती करने की तैयारी की गई है। जिससे उन्हें बेहतर सुविधाओं के साथ इलाज मिले और अच्छी देखरेख हो सके।