एटा। हिंदू समाज को एकजुट करने के मुद्दे को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जिले में 71 हिंदू सम्मेलन आयोजित कर धार देगा। शहर में 10 और ग्रामीण क्षेत्रों में 61 सम्मेलन आयोजित कराए जाएंगे। इसकी शुरूआत रविवार को भारती नगर से होगी।
आरएसएस की शताब्दी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 18 जनवरी से जनपद में हिंदू सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा। विश्व हिंदू सम्मेलन के जिला संयोजक शिवांग गुप्ता ने बताया कि इन सम्मेलनों का उद्देश्य संपूर्ण हिंदू समाज को एक साथ लाना एवं एकता का संदेश देकर लोगों को आपस में जोड़ना है। सम्मेलनों में होने वाली चर्चा का केंद्र बिंदु सामाजिक सद्भाव, एकता और नेतृत्व द्वारा सुझाए गए पांच परिवर्तनकारी बदलाव होंगे।
इनके बारे में संगठन का मानना है कि ये सामाजिक कमियों को दूर करने और जाति या वर्ग भेद से परे एक साझा हिंदू पहचान को बढ़ावा देने में सहायक होंगे। उन्होंने बताया कि रविवार को पहला हिंदू सम्मेलन शिव शक्ति हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति द्वारा केशव सरस्वती शिशु विद्या मंदिर भारती नगर में सुबह 11 बजे से आयोजित किया जाएगा।
महापुरुषों के नाम पर होंगे सम्मेलन, बनाईं 71 आयोजन समितियां
हिंदू सम्मेलनों के लिए संघ ने विस्तृत कार्ययोजना बनाई है। ये सम्मेलन अलग-अलग महापुरुषों के नाम पर आयोजित किए जाएंगे। हर सम्मेलन के लिए 1 आयोजन समिति बनाई गई है जिसमें पालक अधिकारी, प्रमुख सहित 15 से 20 लोग शामिल किए गए हैं। सम्मेलन में वक्ता के रूप में एक संत या कथावाचक को भी रखा जाएगा। शहर में बस्ती और ग्रामीण क्षेत्राें में न्याय पंचायत स्तर पर सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा।