जलेसर। थाना क्षेत्र के गांव पुन्हैरा के पंचायत भवन में सोमवार को विद्युत निगम ने ओटीएस संबंधी शिविर लगाया। बिल बकाएदारों की लाइन काटी जा रही थी। लाइन काटने गए जेई से एक बकाएदार ने गालीगलौज कर पिटाई कर दी और रजिस्टर फाड़ दिया।
जेई सुंदर सिंह ने बताया कि एक बकाएदार के घर गए। वहां मीटर परिसर के अंदर लगा हुआ था, जिसे चेक करने के लिए लाइनमैन के साथ घर में घुसे। वहाँ पर परिवार के सदस्यों ने घर का दरवाजा बंद कर लिया और मेरे साथ गालीगलौज व मारपीट करने लगे। सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए दस्तावेज फाड़ दिए। लाइनमैन वीडियो बना रहा था तो उसका मोबाइल छीनकर वीडियो डिलीट कर दिया तथा धमकी जान से मारने की धमकी दी।
बाहर खड़े अन्य कर्मियों ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को बुलाया। पुलिस ने पहुंचकर हम लोगों को घर से बाहर निकलवाकर जान बचाई। बताया कि विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता भी वहां पहुंच गए। आरोपियों ने उनके साथ भी गालीगलौज व अभद्र भाषा का प्रयोग किया। जेई ने दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए थाने में तहरीर दी है। संवाद