एटा। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत लाभार्थियों को आवास बनाने के लिए पहली किस्त आवंटित की गई, लेकिन पैसा लेकर भी लोगों ने आवास का निर्माण नहीं कराया। जियो टैगिंग के दौरान ऐसे 17 लाभार्थियों की हकीकत सामने आई है। अब इन लाभार्थियों को नोटिस जारी किए जाएंगे। शासन की ओर से 1506 लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए पहली किस्त के रुप में 70-70 हजार रुपये की धनराशि दी गई। दूसरी किस्त देने से पहले लाभार्थियों के आवासों की जियो टैगिंग कराई गई।
इस दौरान पता चला कि 17 लाभार्थियों ने किस्त लेने के बाद भी अपने आवास का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया। विकासखंड अलीगंज में छह, जैथरा में पांच, शीतलपुर और निधौली कलां में तीन-तीन लाभार्थियों ने काम नहीं कराया। पीडी डीआरडीए निर्मल कुमार द्विवेदी ने बताया कि जिन लाभार्थियों ने आवास का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है उनके खिलाफ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।