एटा। शहर के स्टेडियम में सुविधाओं के अभाव में खिलाड़ी अभ्यास नहीं कर पा रहे हैं। यहां बनी टूटी क्रिकेट पिच खिलाड़ियों के आगे बढ़ने के सपने में रुकावट बन रही है। अधिकारियों को बताने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई है।
जीटी रोड स्थित पंडित गोविंद वल्लभ पंत स्टेडियम में क्रिकेट का अभ्यास करने के लिए पिच का निर्माण किया गया था। इसके चारों ओर जाल भी लगाया गया था जहां पर क्रिकेट खिलाड़ी अभ्यास करते थे। वर्तमान में यहां पर बनी सीमेंटेड पिच पूरी तरह से टूट चुकी है और जाल भी गायब हो गया है जिससे क्रिकेट खिलाड़ी अभ्यास नहीं कर पा रहे हैं। कई बार उपक्रीड़ाधिकारी को भी इसके बारे में अवगत कराया गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
बोले खिलाड़ी..
स्टेडियम में तमाम खेलकूद की व्यवस्थाएं होने के बाद भी यहां पर क्रिकेट अभ्यास के लिए पिच का निर्माण नहीं किया गया है जिसकी वजह से अभ्यास नहीं कर पा रहे हैं।
- आकाश यादव
स्टेडियम में क्रिकेट का अभ्यास करने के लिए दो पिच हैं। दोनों ही टूटी पड़ी हैं। इसका अभी तक निर्माण नहीं हुआ है जिसकी वजह से इधर-उधर जाकर अभ्यास करना पड़ता है।
- पवित्र राठौर
वर्जन
स्टेडियम में क्रिकेट पिच के निर्माण के लिए जिलाधिकारी की ओर से आरईडी को निर्देश दिए गए थे। आरईडी कार्यालय से ही इसके निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है। कार्यालय में बजट आने के बाद इसका निर्माण कार्य शुरु कराया जाएगा।
- पूजा भट्ट, उपक्रीड़ाधिकारी
विभाग की ओर से करीब 70 लाख का प्रस्ताव स्टेडियम में काम कराने के लिए तैयार किया गया है। पोर्टल पर टेंडर प्रक्रिया की जा रही है। जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
- अनुज कुमार शर्मा, सहायक अभियंता, आरईडी
आकाश यादव
आकाश यादव