एटा। दीपों का पर्व दिवाली रविवार को परंपरागत उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर घरों और बाजारों में तैयारियां तेज हो गई हैं। लोग घरों की सजावट के साथ ही माता लक्ष्मी के स्वागत की तैयारी में जुटे हैं। इस दिन घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में विधि-विधान से महालक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की जाएगी।
पंडित आचार्य राजीव लोचन पाराशर ने बताया कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में पूजन का शुभ समय दोपहर 1:27 बजे से 2:54 बजे तक रहेगा। वहीं घरों में महालक्ष्मी और गणेश पूजन के लिए शाम 5:54 बजे से 7:50 बजे तक का समय शुभ रहेगा। बताया कि कार्तिक मास की अमावस्या को मनाए जाने वाले इस पर्व पर माता लक्ष्मी की आराधना करने से सुख-समृद्धि की कामना की जाती है। दिवाली की रात को विशेष फलदायी माना गया है।
आचार्य ने बताया कि पूजा से पहले स्थान की अच्छी तरह सफाई कर चौकी पर लाल या पीला कपड़ा बिछाएं। इस पर माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित करें। चावल और गेहूं रखकर उनके ऊपर जल से भरा कलश स्थापित करें। कलश में सुपारी, फूल, सिक्का और चावल डालें। इसके ऊपर आम के पांच पत्ते रखें। कलश पर तिलक लगाकर भगवान का स्मरण करें और विधि-विधान से पूजन कर दिवाली के मंत्रों का जाप करें।