एटा। थाना अवागढ़ क्षेत्र में नगला माधो टूंडला रोड पर चलती बाइक से एक छात्रा गिर गई। पीछे से आ रही रोडवेज बस की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद बाइक चालक फरार हो गया। छात्रा के शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। वहीं, दूसरी दुर्घटना में 2 लोग घायल हुए हैं।
थाना प्रभारी अवागढ़ कपिल कुमार ने बताया कि टूंडला रोड पर बृहस्पतिवार रात बाइक पर एक लड़का और एक छात्रा बैठकर कहीं जा रहे थे। नगला माधो के पास बाइक अनियंत्रित होने से छात्रा सड़क पर गिर गई। उसी समय पीछे से एटा की ओर जा रही रोडवेज बस की चपेट में आ गई। गंभीर रूप से घायल छात्रा को स्थानीय लोगों ने जब तक एंबुलेंस में बैठाया, उसकी सांसे थम गई। यह देखकर बाइक चालक वहां से बाइक सहित फरार हो गया।
सीओ नितीश कुमार ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात छात्रा के शव की पहचान कराने का प्रयास किया लेकिन, सफलता नहीं मिली। छात्रा के बैग में हाईस्कूल की अंग्रेजी और गणित की किताबें व दो कॉपी मिली हैं। इनके ऊपर मोनू निगम नाम लिखा हुआ है। शव को पहचान के लिए पोस्टमार्टम हाउस पर मोर्चरी में रखवा दिया गया है। वहीं, अन्य सड़क हादसे में बाकलपुर थाना रिजोर निवासी और विकास निवासी निधौली रोड घायल हो गए। दोनों का मेडिकल कॉलज में ही उपचार चल रहा है।