कांग्रेस पदाधिकारियों ने जिला कार्यालय पर की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
एटा। कांग्रेस ने 18 दिसंबर को विधानसभा के घेराव का एलान किया है। इसके लिए रविवार को जिला कार्यालय पर बैठक कर कांग्रेस पदाधिकारियों ने रणनीति बनाई।
प्रदेश सचिव जनपद प्रभारी धर्मेंद्र लोधी ने कहा कि प्रदेश की जनता योगी सरकार के कुशासन से त्राहि-त्राहि कर रही है। सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। अपनी नाकामी छुपाने के लिए सिर्फ धार्मिक तुष्टिकरण की नीति अपना रही है। कार्यवाहक जिलाध्यक्ष अनिल सोलंकी ने कहा कि बिजली कंपनियों के निजीकरण की साजिश चंद गुजराती कंपनियों को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है। निजीकरण की वजह से बिजली की दरें बहुत बढ़ जाएंगी। सरकार का विरोध जताने के लिए अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ता 18 दिसंबर को लखनऊ में पहुंचें।
जनपद प्रभारी विनीत पाराशर वाल्मीकि ने कहा कि अन्नदाता किसानों के साथ भाजपा सरकार ने सौतेला व्यवहार किया है। बुवाई के समय डीएपी की किल्लत पैदा की गई। किसान रोता रहा, परेशान होता रहा। बिजली बिल माफी की बात कहकर बिल बढ़ा दिए। आदर्श मिश्रा डैनी, अरुणेश गुप्ता, एकेश लोधी, आशु यादव, सुभाष सागर एडवोकेट, सावित्री दिवाकर, रुखसाना अब्बासी, रेखा यादव आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।