एटा। जिले में 4 जून से सीरो सर्वे शुरू किया जाएगा। 26 गांव और नगरीय क्षेत्रों के पांच वार्डों में बच्चों, महिला-पुरुषों के खून के सैंपल लेकर जांच कराई जाएगी। गांव और वार्डों की सूची लखनऊ से भेजी गई है। जांच के दौरान लोगों में कोरोना वायरस के एंटीबॉडी बनने की स्थिति पता की जाएगी। वैक्सीन लगवा चुके लोगों के भी सैंपल लिए जाएंगे। जिससे लोगों में वैक्सीन का असर पता लगेगा।
ऐसे होगा सर्वे
एक गांव या वार्ड को पीएसयू (प्राइमरी सर्विलांस यूनिट) का नाम दिया गया है। जिसे चार भागों में बांटा जाएगा। हर भाग में अलग-अलग घरों से दो महिला, दो पुरुष और 10 से 18 वर्ष तक के दो लोगों के सैंपल लिए जाएंगे। यह सभी सैंपल सामान्य लोगों के होंगे। इसके अलावा 42 ऐसे लोगों के सैंपल लिए जाएंगे जिन्हें एक साल के अंदर कोरोना संक्रमण हुआ। इनकी सूची भी लखनऊ से भेजी गई है।
यह है तैयारी
तीन दिन का सर्वे 4 से 6 जून तक चलाया जाएगा। विभाग ने कुल 10 टीमें बनाई हैं। हर टीम में एक-एक डॉक्टर, एएनएम, एलटी और आशा या आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रखी गई है। इन सभी को सैंपल किट आदि सामान उपलब्ध कराया जा रहा है।