एटा। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से संचालित शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत शनिवार को दोपहर करीब 1 बजे लॉटरी खोली गई। इसमें 290 विद्यार्थियों को विद्यालय आवंटित किए गए। वहीं तीन चरण की प्रक्रिया में कुल 1002 विद्यार्थियों को विद्यालय आवंटित किए गए।
शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत तीसरे चरण में 478 आवेदन प्राप्त किए गए। तीसरे चरण की आवेदन प्रक्रिया 12 मार्च से 25 मार्च तक आयोजित की गई। वहीं शनिवार को आवेदनों की लॉटरी खोली गई। इसमें 11 आवेदन अस्वीकृत कर दिए गए। इसके साथ ही 290 विद्यार्थियों को विद्यालय आवंटित किए गए और 177 विद्यार्थियों को विद्यालय आवंटित नहीं किया गया। आरटीई की प्रक्रिया तीन चरण में आयोजित की गई। जिसमें पहले चरण में 2 फरवरी से 16 फरवरी तक आवेदन मांगे गए। इसमें 1254 आवेदन प्राप्त किए गए। इसमें लॉटरी के माध्यम से 430 विद्यार्थियों को विद्यालय आवंटित किया गया। वहीं दूसरे चरण में 21 फरवरी से 7 मार्च तक आवेदन मांगे गए। इसमें कुल 699 आवेदन प्राप्त किए गए। लॉटरी के माध्यम से 282 विद्यार्थियों को विद्यालय आवंटित किया गया। इस तरह से तीनों चरणों में कुल 1002 विद्यार्थियों को विद्यालय आवंटित किए गए। बीएसए दिनेश कुमार ने बताया कि तीसरे चरण के तहत 290 विद्यार्थियों को विद्यालय आवंटित किया गया है।