फोटो स्टेट की दुकान गिरने के बाद बिखरा मलबा। संवाद
एटा। लगातार हो रही बारिश के बीच शनिवार को नगर पालिका गेट के पास एक फोटोस्टेट की दुकान भरभराकर गिर गई। हादसे के समय दुकान के अंदर मौजूद दुकानदार आदित्य कुमार मलबे में दब गए। दुकान गिरने की तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर आदित्य कुमार को बाहर निकाला। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। दुकान के अचानक ढहने से अंदर रखा फोटोस्टेट मशीन समेत अन्य सामान भी मलबे में दब गया। इससे दुकानदार को काफी आर्थिक नुकसान होने की बात सामने आई है। बारिश के बीच दुकान गिरने की घटना से आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। सुमित कुमार ने बताया लगातार बारिश के कारण दुकान का ढांचा कमजोर हो गया था। हालांकि दुकान गिरने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। हादसे के बाद आसपास के लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
भरभराकर गिरा मकान, दबा गृहस्थी का सामान
अलीगंज। थाना अलीगंज क्षेत्र के फतेहपुर गांव में शनिवार तड़के तेज बारिश के बीच एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में मकान के मलबे में भूसा, साइकिल, रजाई, चारपाई, गल्ला समेत गृहस्थी का अन्य सामान दब गया। फतेहपुर निवासी जितेंद्र राठौर का कच्चा मकान लगातार हो रही बारिश के कारण कमजोर हो गया था। शनिवार सुबह करीब पांच बजे अचानक मकान धराशायी हो गया। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद मलबा हटाकर उसमें दबे घरेलू सामान को निकालने का प्रयास शुरू किया गया।