एटा में कृष्ण जन्माष्टमी कार्यक्रम देखने आ रहे बाइक सवार पांच लोगों को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी, हादसे में पांच वर्षीय मासूम समेत दो की मौत हो गई। दुर्घटना में तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया; पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
एटा देहात कोतवाली क्षेत्र में महिंद्रा एजेंसी के पास शुक्रवार देर रात रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पांच साल का मासूम भी शामिल है। हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया।
विज्ञापन
हादसा शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे हुआ। बताया गया कि बाइक सवार एटा में आयोजित कृष्ण जन्माष्टमी कार्यक्रम देखने के लिए आ रहे थे। इसी दौरान महिंद्रा एजेंसी के पास रोडवेज बस ने अचानक कट मारा। इससे बाइक बस में जा घुसी और उस पर सवार लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल गोविंद ने बताया कि वे रात करीब 11:30 बजे एटा आ रहे थे। बाइक पर कुल पांच लोग सवार थे। अचानक रोडवेज बस के कट मारने से बाइक अनियंत्रित होकर बस से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
विज्ञापन
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने थाना मिरहची क्षेत्र के दतेई गांव निवासी श्याम सुंदर और गंगानगर निवासी पांच वर्षीय अर्जुन को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल गोविंद, जूली और वर्षा को प्राथमिक उपचार दिया गया।
श्याम सुंदर के छोटे भाई ने बताया कि वह अपने भाई और अन्य लोगों के साथ कृष्ण जन्माष्टमी देखने एटा जा रहे थे। हनुमान गढ़ी के पास रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में श्याम सुंदर और पांच वर्षीय अर्जुन की मौत हो गई।