एटा। पेड़ पर फंदे से लटक कर आत्महत्या को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या दिखा दिया गया। फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने इसका खुलासा किया है। अप्रैल 2021 में टीपी नगर क्षेत्र में पेड़ पर शव लटका मिला था। इसके बाद से पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बनाया जा रहा था। हालांकि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की वजह कर्ज तले दबा होना सामने आई। एसएसपी उदय शंकर सिंह ने सोमवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में वार्ता के दौरान बताया कि कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित टीपी नगर पुलिस चौकी के पीछे खजूर के पेड़ पर फंदा लगाकर रामनिवास गुप्ता उर्फ मुन्नालाल निवासी शिवगंज ने आत्महत्या की थी।
इसकी गलत पोस्टमार्टम रिपोर्ट का खुलासा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या दर्शाई गई थी। जबकि मौके से लिए गए फोटोग्राफ्स, वीडियो व अन्य साक्ष्य आत्महत्या की ओर इशारा कर रहे थे। मृतक के परिजनों ने कुछ लोगों को आरोपी बताकर कार्रवाई का दबाव बनाया तो फोरेंसिक साइंस लैब लखनऊ और आगरा से एक्सपर्ट की मदद ली गई। दोनों ही एजेंसियों ने जांच में हत्या होना नहीं पाया। एसएसपी ने बताया कि जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों ने एक जघन्य घटना में गलत पोस्टमार्टम रिपोर्ट तैयार की।
जिससे निर्दोष लोग जेल जा सकते थे। इस संबंध में विभागीय कार्रवाई करने के लिए लिखा गया है। एसएसपी का कहना है कि मृतक रामनिवास गुप्ता जुआ और सट्टा खेलने के आदी थे। इसकी वजह से 13 लाख 16 हजार 584 रुपये के कर्ज तले दब गए। सट्टे की पर्चियां के फोटो मृतक के मोबाइल से भी बरामद हुए थे।