अवागढ़(एटा)। भारतीय किसान यूनियन (किसान) द्वारा अवागढ़ बिजलीघर पर जन समस्याओं को लेकर शुरू किया सत्याग्रह दूसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान सत्याग्रह के समर्थन में कस्बा में व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों पर काले झंडे लगाए।
यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन ठाकुर ने बताया कि हमारी प्रमुख मांगों में कस्बा को पुन: टीटीजेड क्षेत्र से जोड़ना है। आज भी लोगों के बिजली के बिल पुराने नियम के अनुसार ही आ रहे हैं, जबकि बिजली की भारी कटौती कर दी गई है। महासचिव शिवप्रताप सिंह अंशू ने कहा कि केेंद्र की भाजपा सरकार किसान विरोधी है। किसानों का शोषण करने के लिए संसद में बिल पास किया है, सरकार को यह वापस लेना होगा। सत्याग्रह में बुधवार को कस्बा के व्यापारियों ने भी अपनी सहभागिता की।
गौरतलब है कि जबसे बिजलीघर पर सत्याग्रह शुरू हुआ हैं तब से कस्बा को भरपूर बिजली मिल रही है। वहीं लोगों में दिन भर इसकी चर्चा रही। इस दौरान सतेंद्र सिंह जादौन, मुकेश बघेल, पुजारी यादव, अभिषेक गुप्ता, प्रदीप वार्ष्णेय पप्पू, सोनू सक्सेना, संजय कुमार, हिमांशू गुप्ता, अजीत यादव, मनोज वार्ष्णेय आदि रहे।