एटा। मारहरा कस्बा के बड़ा बाजार स्थित आर्यावर्त बैंक शाखा में तीन दिनों से कनेक्टिविटी नहीं है। इसके कारण लेनदेन व अन्य बैंक संबंधी कामकाज ठप पड़ा है। ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बृहस्पतिवार को बैंक से रुपये निकालने आए ओमप्रकाश ने बताया कि बच्चे के स्कूल की फीस भरनी है। लेकिन रुपये नहीं निकल पा रहे हैं। पिदौरा निवासी संतोष दीक्षित ने बताया कि उनके बच्चे और पत्नी को बुखार आ रहा है। एक निजी चिकित्सक से इलाज करा रहे हैं। घर पर जो रुपये थे, खर्च हो चुके हैं। तीन दिन से अपने खाते से रुपये निकालने के लिए बैंक के चक्कर काट रहा हूं। बैंक कर्मियों का एक ही जवाब होता है कि सर्वर नहीं आ रहे हैं।
इसी प्रकार बैंक में लेनदेन करने आये कई उपभोक्ताओं ने अपनी निराशा जताते हुए उच्चाधिकारियों से समस्या को जल्द दूर कराने की गुहार लगाई। शाखा प्रबंधक शुभम शर्मा का कहना है कि कनेक्टिविटी की समस्या उच्चाधिकारियों के संज्ञान में है। काम चल रहा है, जल्द ही सेवाएं सुचारू हो जाएंगी।