एटा/अलीगंज। कस्बा अलीगंज स्थित कायमगंज रोड पर हत्सारी मोड़ के पास एक मजदूर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। गिरकर उसकी मौत हो गई। वह ट्रक पर चढ़कर तिरपाल डाल रहा था।थाना व कस्बा अलीगंज के मोहल्ला काजी निवासी मुनीश (20) की मौत हुई है। परिवार के ही नाजिम अली ने बताया कि रविवार की सुबह ट्रक में कबाड़ा लोड किया गया था। इसके बाद ट्रक को हत्सारी मोड़ पर खड़ा कर दिया। सुबह करीब 10 बजे इस पर तिरपाल डालने के लिए मुनीश ऊपर चढ़ गया। उसने अंदाजा नहीं किया और सिर हाईटेंशन लाइन से छू गया। करंट का झटका लगते ही वह नीचे आ गिरा।
मोहल्ले के नवीश ने बताया कि मुनीश परिवार में अकेला कमाने वाला था। एक भाई और एक बहन छोटी है। माता-पिता की पहले ही बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। बहन की उम्र करीब पांच वर्ष होगी। अब घर में कमाने वाला कोई नहीं रहा। कोतवाली प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि मजदूरी करने वाले युवक की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हुई है। सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।