एटा। थाना नयागांव क्षेत्र निवासी जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। इलाज कराने में लापरवाही का आरोप लगाकर उसके पिता ने पति व सास पर मुकदमा दर्ज कराया है।
जिला कासगंज थाना पटियाली क्षेत्र के गांव नरथर निवासी सुरेश चंद्र ने बताया कि बेटी ममता (22) की शादी 26 फरवरी 2020 को नयागांव थाना क्षेत्र के खिरिया पावारान निवासी विमल कुमार के साथ की थी। दहेज के लिए वह बेटी को मारपीट कर प्रताड़ित करता था। बेटी का प्रसव का समय आया तो कुशल चिकित्सक की देखरेख में उपचार नहीं कराया। दो दिनों तक प्रसव पीड़ा से बेटी तड़पती रही। बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे कस्बा अलीगंज स्थित एक नर्स के पास प्रसव कराने के लिए लेकर गए।
यहां देरशाम करीब सात बजे मृत अवस्था में बालक का जन्म हुआ। इसके बाद विमल कुमार और सास आरती घर पर लेकर पहुंच गए। यहां दो घंटे बाद ममता की तबियत बिगड़ गई। इलाज को तब लेकर गए जब सांसें लगभग रुक गईं। आरोप लगाया है कि दहेज की मांग पूरी न होने की वजह से ही उचित उपचार नहीं कराया। विमल के छोटे भाई अवनीश कुमार ने बताया कि प्रसव पीड़ा होने से पहले ही मायके वालों को खबर दे दी गई थी।
ममता का भाई राहुल अपनी पत्नी के साथ एक दिन पूर्व ही आ गया था, उसी ने अलीगंज में भर्ती कराया। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति व सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच की जा रही है।