जीटी रोड से गांधी मार्केट मोड़ पर सड़क के बीचोंबीच लगे फड़ और एक ओर फंसा हुआ टैंपो। संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। मंगल बाजार लगने की वजह से गांधी मार्केट मार्ग पर पूरे दिन यातायात लड़खड़ाता रहा। दोनों ओर से आधी सड़कों को घेरकर लगी फड़ों और इसके बाद हथठेलों के चलते मंगलवार के दिन यहां शाम तक जाम के हालात रहे। वाहनों का निकलना मुश्किल बना रहा। जीटी रोड स्थित घंटाघर के ठीक सामने से कचहरी को मिलाने वाला यह शहर का प्रमुख मार्ग है। यहां से वकील से लेकर फरियादी, पुलिसकर्मी, अधिकारी गुजरते रहते हैं। साथ ही जिला महिला अस्पताल भी इसी मार्ग पर होने से गर्भवती महिलाओं, प्रसूताओं को लेकर एंबुलेंस भी पहुंचती हैं।
मंगलवार दोपहर 12 बजे जीटी रोड से गांधी मार्केट की ओर मुड़ते ही सड़क किनारों के अलावा बीचोंबीच भी छह फड़ लगा ली गईं। जिसके चलते वाहन तो दूर, पैदल लोगों का चलना मुश्किल हो रहा था। कुछ आगे बढ़कर सड़क पर दो हथठेल लगाकर कपड़ों की बिक्री की जा रही थी। सामने से आया टैंपो यहां फंस गया और जाम के हालात बन गए। करीब 10 मिनट तक कोई भी वाहन हिल न सका। कुछ जगह बनने पर लोग बढ़े तो आगे जाकर मार्ग एकदम से सकरा हो गया और फिर गाड़ियां फंसने से जाम की स्थिति बन गई। कचहरी पहुंचने तक यही हालात बार-बार बनते रहे।