एटा। थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव हत्यारी निवासी एक क्षेत्र पंचायत सदस्य के अपहरण का आरोप पूर्व ब्लॉक प्रमुख सहित चार लोगों पर लगाया गया है। बीडीसी सदस्य की पत्नी की तहरीर पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। हालांकि पुत्र रिश्तेदारी में छोड़ने की बात कह रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
विकास खंड अलीगंज के क्षेत्र पंचायत वार्ड संख्या 27 के निर्वाचित सदस्य शेर सिंह की पत्नी नेमवती ने बताया कि पूर्व ब्लॉक प्रमुख ओमपाल सिंह निवासी टपुआ ने अपहरण किया है। महिला का कहना है कि पति बुधवार सुबह आम के बाग की रखवाली कर रहे थे। तभी ओमपाल सहित गांव के ही इंद्रपाल, रामवीर और कौशल वहां पहुंचे और शेर सिंह को पकड़ कर ले लिए। आरोप है कि देवर नेमीचंद्र मौके पर पहुंच गए। इनको परिवार सहित हत्या करने की धमकी दी गई। इसके बाद काफी तलाश किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया और बीडीसी सदस्य की तलाश में जुट गई। वहीं बृहस्पतिवार को पुलिस ने शेर सिंह के पुत्र मुनीष कुमार को पूछताछ के लिए बुलाया तो उसने बताया कि वह पिता को एक रिश्तेदारी में छोड़कर आया है। मां-बेटे के अलग-अलग बयानों को लेकर पुलिस हकीकत का पता करने में जुटी हुई है।