एटा। प्रशासन द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर के भूखंडों की जांच कराई जा रही है। करीब तीन माह गुजर चुके हैं लेकिन अभी तक यह जांच पूरी नहीं हो सकी है। अब तो बिल्कुल ही ठंडी पड़ गई है। जिसके चलते टीपी नगर में फिर से अतिक्रमण शुरू कर दिया गया है।
जीटी रोड पर ढाई हेक्टेयर जमीन में ट्रांसपोर्ट नगर बसाया गया। जिसमें कुछ लोगों को भूखंड आवंटन किए गए। यह आवंटन प्रक्रिया अनियमित तरीके से किए जाने की शिकायतें हुईं तो प्रशासन ने जांच शुरू करा दी। करीब तीन माह से इसकी जांच की जा रही है लेकिन प्रशासन अभी तक किसी भी नतीजे पर नहीं पहुंचा है।
टीपी नगर का मामला पूरी तरह से ठंडा होने की वजह से वहां के व्यापारियों के भी हौसले बढ़ गए हैं। जिलाधिकारी अंकित अग्रवाल ने एएसडीएम वेदप्रिय आर्य को इसकी जांच करने के आदेश दिए थे। तीन माह पहले जांच के दौरान एएसडीएम ने वहां पर हो रहे निर्माण कार्यों को रुकवा दिया था। वहीं नियम विरुद्ध तरीके से मदिरा की दुकान चलाई जा रही है। ईओ डॉ. दीप वार्ष्णेय के मुताबिक शासनादेश में टीपी नगर में मदिरा की दुकान खोलना निषेध है।