जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान कीटनाशक की दवा पर जांच करते हुए। स्रोत स्वयं
- फोटो : जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान कीटनाशक की दवा पर जांच करते हुए। स्रोत स्वयं
फिरोजाबाद। डीएम संतोष कुमार शर्मा के निर्देश पर किसानों को उच्च गुणवत्ता की दवाएं और उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए फिरोजाबाद की पांचों तहसीलों में जांच की गई।
फिरोजाबाद व टूंडला में उप निदेशक कृषि एसपी सिंह, जसराना में भूमि संरक्षण अधिकारी प्रथम प्रमोद कुमार और शिकोहाबाद व सिरसागंज तहसील क्षेत्र में जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान ने यह कार्रवाई की। इस दौरान कीटनाशक दवाओं के सात नमूने विधि विज्ञान प्रयोगशाला और उर्वरक के चार नमूने जांच के लिए भेजे गए। वहीं, अभिलेखों (रजिस्टर आदि) में कमी मिलने पर चार दुकानदारों (दो कीटनाशक और दो उर्वरक विक्रेता) को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान ने दुकानदारों को किसानों को अनिवार्य रूप से बिल देने, कीटनाशक प्रयोग की मात्रा बताने और आईपीएमएस पोर्टल पर पंजीकरण कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसानों को उच्च गुणवत्तायुक्त खाद-बीज मिल सके। संवाद