एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला सुनहरी नगर निवासी दो भाइयों द्वारा संपत्ति को लेकर बहन से विवाद चल रहा है। महिला ने मंगलवार देर शाम कोतवाली नगर पुलिस को तहरीर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस से अभद्रता कर दी गई। पुलिस दो लोगों को गिरफ्तार कर लाई।
शहर के मोहल्ला सुनहरी नगर निवासी सारिका ने अपने भाई और भाभी के खिलाफ थाने में तहरीर दी। बताया कि माता का देहांत हो गया है, पिता के साथ घर पर रह रही थी। पिता ने कुछ धनराशि मेरे नाम कर दी। इसको लेकर भाई व भाभी आए दिन परेशान करने लगे। मंगलवार को घर में प्रवेश नहीं करने दे रहे थे। मामले की सूचना पर सुनहरी नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।
वायरल वीडियो में एक महिला द्वारा कहा जा रहा है कि पुलिस ने गालीगलौज की। इसके बाद वहां महिला के परिजन ने पुलिस के साथ अभद्रता कर दी। बाद में पुलिस दो लोगों को पकड़ लाई। कोतवाली नगर प्रभारी सुनील श्रीवास्तव ने बताया कि महिला की तहरीर पर पुलिस वहां गई थी। इस दौरान आरोपियों द्वारा धक्का-मुक्की कर दी गई।