मिरहची। क्षेत्र के गांव ततारपुर के प्राथमिक विद्यालय की छत से हाईटेंशन लाइन गुजरी है। कई साल पुरानी लाइन के तार ढीले होकर झूल रहे हैं। तेज हवा के चलने पर तारों के आपस में टकराने पर अक्सर चिंगारी उठती है। जर्जर हो चुके तारों के टूटने पर हादसे का खतरा बना हुआ है।
विद्यालय के शिक्षक रोहन सिंह ने बताया कि हाईटेंशन लाइन के तारों में अक्सर होने वाली स्पार्किंग से जार जर्जर हो गए हैं। कभी-कभी स्पार्किंग के समय पटाखों की तरह तेज आवाज होती है। चिंगारी के साथ होने वाली आवाज बच्चों के लिए खेल है। इसे देखने को उत्सुकता में बच्चे कमरों से बाहर आ जाते हैं जिससे हादसे की आशंका बन जाती है।
विद्युत निगम के अधिकारियों से इसकी शिकायत करने पर भी समस्या का निस्तारण नहीं हो सका है। विद्युत निगम के जेई ऋषिराम ने बताया कि लाइन के तार बदलने को सर्वे हो चुका है। शीघ्र ही तार बदलने का काम शुरू हो जाएगा।