एटा। शीतलपुर ब्लॉक क्षेत्र के गांव असरौली व दूल्हापुर में बुखार फैला हुआ है। शनिवार को दोनों गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीमें पहुंचीं। मरीजों की मलेरिया व डेंगू सहित कोरोना की जांच की गईं। किसी में इन रोगों की पुष्टि नहीं हुई।
सीएमओ डॉ. उमेश त्रिपाठी ने निर्देश पर दूल्हापुर में डॉ. आकाश के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम पहुंची। टीम ने बुखार आदि के 63 मरीजों को दवा वितरति की। डॉ. आकाश ने बताया कि गांव में वायरल बुखार सहित खांसी-जुकाम के मरीज मिले हैं। किसी को मलेरिया व डेंगू की पुष्टि नहीं हुई है।
असरौली में डॉ. विक्रम के नेतृत्व में दो स्वास्थ्य टीमों को भेजा गया। डॉ. विक्रम ने बताया कि गांव में 40 मलेरिया व 12 डेंगू की जांच कराई गईं, सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 25 व्यक्तियों की कोरोना की जांच भी की गई। इसमें भी कोई संक्रमित नहीं पाया गया। उन्होंने बताया कि गांव में लोग वायरल की चपेट में हैं। शाम चार बजे तक 70 मरीजों को दवा वितरित की गई।