एटा। जीवनसाथी डॉट कॉम पर युवक-युवतियों के रिश्ते जोड़ने का काम करने के नाम पर लोगों के साथ ठगी करने वाले छह शातिरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शहर की ही एक महिला से 24 लाख रुपये की ठगी की गई थी, इसका मुकदमा दर्ज होने के बाद खातों की जांच की गई तो मामले का खुलासा हुआ। सरगना बरेली का रहने वाला है, इनके पास से कई दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।
एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने शनिवार को पुलिस लाइन में बताया कि कोतवाली नगर में शहर की ही एक महिला ने 18 अगस्त को जीवन साथी डॉटकॉम के माध्यम से 24 लाख 46 हजार रुपये की ठगी करने का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपियों ने आठ खातों में कई बार में रकम डलवाई थी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल और सर्विलांस को लगाया गया। एक खाते की जांच की गई तो वह जितेंद्र पुत्र जीवाराम निवासी नगला बदन थाना सुन्नगढ़ी जिला कासगंज के नाम से निकला। आरोपी को गिरफ्तार किया गया तो कड़ी से कड़ी जुड़ती चली गई।
लोगों को झांसे में लेकर ठगी करने वाले समीलुद्दीन पुत्र जमीलुद्दीन व अजहरूद्दीन पुत्र सईउद्दीन निवासी पीरबहोड़ा थाना इज्जत नगर, राशिद पुत्र नूर मुहम्मद व वाजिद पुत्र मौसम खान निवासी परतापुर थाना इज्जत नगर, राजकमल पुत्र नन्ने उर्फ राजेश जोगी निवासी बाज नगर थाना सहावर जिला कासगंज को गिरफ्तार किया गया है। समीलुद्दीन गैंग का सरगना हैं।
-------------
आरोपियों से की गई बरामदगी
ठगी करने वाले आरोपियों से पुलिस ने 32 पासबुक, 32 चेकबुक, एक लाख एक हजार नकदी, विभिन्न बैंकों के 66 एटीएम, एक रैपीडेक्स किताब व तीन कॉपी और एक तीन एंड्राइड व एक सादा फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने खाते में मिली रकम करीब 6.5 लाख ब्लॉक करा दी है।