एटा। लोकसभा चुनाव के परिणाम मंगलवार को सामने आ जाएंगे। जीत के प्रबल दावेदार माने जा रहे प्रत्याशियों ने जश्न की तैयारी पहले ही कर ली है। पांच क्विंटल फूलमाला और 10 क्विंटल मिठाई के शुरुआती ऑर्डर विक्रेताओं पर पहुंच गए हैं। इसके मंगलवार को रुझान आने तक और बढ़ने की उम्मीद व्यापारियों को है। बैंडबाजे भी बुक किए जा रहे हैं।
हर कोई अपने अंदाज में जीत का जश्न मनाने की तैयारी में है। मतगणना मंगलवार को होनी है, लेकिन इससे पहले ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने जश्न मनाने की तैयारी शुरू कर दी है। फूलमाला के ऑर्डर प्रत्याशियों के समर्थकों की ओर से दिए जा रहे हैं। प्रमुख पार्टियों के प्रत्याशी व उनके समर्थक विजय होने पर अभी से जुलूस निकालने, मिठाई बांटने, गुलाल उड़ाने, आतिशबाजी चलाने आदि की तैयारी कर रहे हैं। दो प्रमुख पार्टियों के समर्थकों व कार्यकर्ताओं में इन सबको लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।