एटा। मतगणना को लेकर 4 जून को शहर में रूट डायवर्जन लागू किया गया है। इसके तहत अलीगंज रोड और जीटी रोड पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इन्हें बाईपास से होकर निकाला जाएगा।
मंडी समिति में मतगणना होगी। इसके एक ओर अलीगंज रोड तो दूसरी ओर जीटी रोड लगता है। यातायात की कोई समस्या उत्पन्न न होने पाए। इसको ध्यान में रखते हुए कानपुर, अलीगंज, फर्रुखाबाद को जाने वाले वाहन रोडवेज बस स्टैंड से कासगंज बाईपास होते हुए निकलेंगे। कानपुर व फर्रुखाबाद से शहर में आने वाले वाहन भी कासगंज रोड से शहर से प्रवेश करेंगे।
जीटी रोड की ओर से आने वाले सभी वाहन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेंगे। शिकोहाबाद व जसराना की तरफ से आने वाले सभी भारी लोडिंग वाले वाहन पूर्ण रूप से बंद रहेंगे और हल्के वाहन चलेंगे।
वहीं आगरा और टूंडला की तरफ से आने वाले वाहन चलते रहेंगे। अपर पुलिस अधीक्षक धनंजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि सभी वाहनों को बाईपास से होकर निकाला जाएगा। केवल आपातकालीन वाहन को ही छूट दी जाएगी।