संवाद न्यूज एजेंसी
एटा। ट्यूशन पढ़ाने वाली शिक्षिका ने छोटे-छाेटे बच्चों के साथ रील बनाई। इसमें वह प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बच्चों को बरगला रहीं हैं। इसका वीडियो वायरल होने पर कोतवाली नगर पुलिस ने शिक्षिका के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उसके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।
शिक्षिका ने यह वीडियो अपने एक्स और अन्य सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड की। इसके बाद वीडियो वायरल हो गई। रील में प्रधानमंत्री के खिलाफ अनर्गल टिप्पणी भी लिखी गई हैं।
बच्चों को छोटा कॉक्रोच बताया गया। इसका संज्ञान लेते हुए एटा पुलिस सक्रिय हुई। शिक्षिका ने वीडियो अपने अकाउंट से डिलीट कर दिए लेकिन लोगों नेे इसकी स्क्रीन रिकॉडिंग बना ली और इसे वायरल कर दिया।
पुलिस की जांच में सामने आया कि शिक्षिका प्रतिभा यादव मिरहची क्षेत्र के गांव हिम्मतपुर काकामई की निवासी है और वर्तमान में एटा के बनगांव क्षेत्र में रहकर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती है। इस संबंध में चौकी प्रभारी बनगांव गगनदीप की ओर से कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।