अलीगंज क्षेत्र के गांव तिसौरी में जलनिकासी के लिए रास्ता बनाती जेसीबी। संवाद
अलीगंज। क्षेत्र के गांव तिसौरी के प्राइमरी पाठशाला वाली गली में जलभराव की समस्या की खबर अमर उजाला के 18 जनवरी के अंक में प्रकाशित होने के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है। बीडीओ ने बुधवार को तिसौरी गांव पहुंचकर बुलडोजर से जलनिकासी कराते हुए नाले का निर्माण शुरू कराया है।
तिसौरी गांव में गंदे पानी की निकासी बाधित होने की वजह से प्राथमिक विद्यालय के मार्ग पर जलभराव की समस्या थी। जलभराव होने पर गांव के लोग और बच्चे परेशान थे, स्कूल आते-जाते समय बच्चे अक्सर फिसलकर गिर जाते थे। इस समस्या को अमर उजाला समाचार ने प्रमुखता से 18 जनवरी के अंक में प्रकाशित किया था। खबर के प्रकाशित होने पर बीडीओ शिवशंकर शर्मा ने मौके का निरीक्षण करते हुए बुलडोजर से गंदे पानी की निकासी कराई। इसके साथ ही जलनिकासी के स्थाई समाधान को नाले का निर्माण कार्य शुरू कराया है। लोगों ने बताया बारिश के मौसम में विद्यालय के मार्ग से गुजरना मुश्किल हो जाता है।