संवाद न्यूज एजेंसी
जलेसर। क्षेत्र के गांव नगवाई में एक भवन में 25 साल से चोरी की जा रही है। विद्युत निगम की टीम ने बृहस्पतिवार को कार्रवाई करते हुए भवन स्वामी के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। छापा मारने पहुंची टीम में विद्युत निगम के एसडीओ, तीन जेई, प्रर्वतन दल शामिल रहे।
विद्युत निगम के अधिकारियों ने नगवाई के लखन यादव पर बृहस्पतिवार को बड़ी कार्रवाई की है। अधिकारियों की मानें तो गांव नगवाई में 25 वर्ष पहले विद्युतीकरण हुआ था, तभी से लखन यादव बिना कनेक्शन के बिजली का उपभोग कर रहा था।
एसडीओ अजीत उपाध्याय ने जेई जितेंद्र पटेल, प्रहलाद सिंह, विवेक भारती, प्रर्वतन दल के प्रभारी एसआई शैलेंद्र सिंह सहित अन्य कर्मचारियों के साथ नगवाई पहुंचे।
यहां पहुंचकर टीम के कर्मचारियों ने वीडियो बनाते हुए लखन से कनेक्शन से संबंधित कागजात मांगे। यह देखकर गांव के लोग एकत्रित होकर कार्रवाई का विरोध करने लगे। खंभे से उतारी गई केबल को भी नहीं ले जाने दिया गया। एसडीओ अजीत उपाध्याय ने बताया भवन पर 1695 वाट का विद्युत भार उपभोग होते मिला है। कहा कि 25 साल से चोरी से बिजली का उपभोग किए जाने के मामले में विद्युत निगम को बड़ी राजस्व हानि हुई है। इसलिए इस मामले में लखन यादव पर नियमानुसार जुर्माना की बड़े स्तर पर कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में जेई जितेंद्र पटेल की तहरीर पर विद्युत चोरी निरोधक थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।