एटा। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत काशीराम कॉलोनी में दो पक्षों के मध्य पुरानी रंजिश में विवाद हो गया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर दंपती और बेटी को लोहे की सरिया और लाठी-डंडों से पीटकर लहूलुहान कर दिया। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली नगर क्षेत्र की काशीराम कॉलोनी निवासी जितेंद्र ने बताया कि करीब दो माह पूर्व सड़क पर मक्का सुखाने पर विवाद हुआ था। शनिवार की देर शाम मोहल्ले के ही कुछ लोग घर पर आकर गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर इन लोगों ने हाथ में लोहे की सरिया लाठी डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में पिता आसाराम, मां राम रोशनी और बहन संगीता गंभीर रूप से घायल हो गए।
पता लगने पर मैं मौके पर पहुंचा, तब तक यह लोग गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। बुरी तरह से घायल माता-पिता और बहन को लेकर में मेडिकल कॉलेज आया, यहां उपचार चल रहा है। सीओ सिटी अमित कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। तहरीर मिलती है तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।