एटा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर राज्यसभा सांसद हरनाथ सिंह यादव ने बयान जारी किया है। कहा है कि मुस्लिम समाज दिल बड़ा करे और श्रीकृष्ण जन्मस्थान को हिंदुओं को सौंप दे। यह भी कहा है कि विदेशी आक्रांताओं ने पूर्व में मंदिर को ध्वस्त कर मस्जिद बनाई थी। कुरान के अनुसार जबरन कब्जा कर बनाई गई मस्जिद में की गई इबादत स्वीकार नहीं की जाती है। वह अपने धर्म की बात ही मानकर सकारात्मक निर्णय लें।
पत्रकारों से वार्ता के दौरान राज्यसभा सांसद ने कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने हिंदू आस्था पर ठेस पहुंचाने के लिए हजारों मंदिर ध्वस्त किए। इनमें अयोध्या का श्रीराम मंदिर और मथुरा का श्रीकृष्ण मंदिर भी शामिल था। सुनियोजित तरीके से यह पूरा काम किया गया, जिससे भारत का इतिहास और भूगोल बदल दिया जाए और हिंदू अपनी परंपरा व आस्था भूल जाएं। भगवान श्रीकृष्ण भारत में ही नहीं, विदेशों में तक आदर्श माने जाते हैं। मथुरा में उनके मंदिर को तोड़कर मस्जिद बनाई गई। लंबे समय से मामला विवादित रहा है। कृष्ण जन्मस्थान को मुक्त होना चाहिए। मुस्लिम भाइयों को बहुसंख्यकों की भावनाओं का सम्मान कर इसे सौंपकर विवाद का निपटारा करना चाहिए।