जलेसर। भाजपाइयों ने शुक्रवार को तहसील पहुंचकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। नगर में थाने के सामने व मंडी जवाहरगंज पुरानी पुलिस चौकी, कोऑपरेटिव बैंक क्रय-विक्रय समिति की सरकारी जमीन पर बनी मस्जिदों को अवैध बताते हुए हटाने की मांग की।
भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष सतेंद्र जादौन ने बताया कि थाना जलेसर के आसपास नगर पालिका जलेसर की जमीन खाली पड़ी हैं। 4 जून 2012 से 1 नवंबर 2012 तक जलेसर थानाध्यक्ष रहे एसएसएच जाफरी के समय में अवैध रूप से इन जमीनों पर रातों-रात सपा सरकार के संरक्षण में मस्जिद बनवा दी गई थीं। कोऑपरेटिव बैंक की जमीन पर चहारदीवारी कर एक मस्जिद के रूप में बनाकर खड़ा कर दिया गया।
भाजपाइयों ने इन मामलों की गहनता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और मस्जिदों को तुड़वाकर सरकारी जमीनों को कब्जा मुक्त कराए जाने की मांग की। गजेंद्र धनगर, रामप्रकाश राठौर, कपिल वार्ष्णेय, नागेंद्र सिंह, रामवीर राठौर, निरोत्तम राठौर, सुरेश प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।