एटा। डीएलएड परीक्षा रविवार को दो केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इसके लिए शिक्षा विभाग की ओर से शनिवार को पूरे दिन-तैयारियां चलती रहीं। सिटिंग प्लान से लेकर अन्य व्यवस्थाओं मे परीक्षा केंद्र के प्रधानाचार्य और पर्यवेक्षक लगे रहे।
रविवार को डीएलएड की परीक्षा शहर के राजकीय इंटर कॉलेज और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित की जाएगी। दोनों परीक्षा केंद्र पर शनिवार को पर्यवेक्षक और प्रधानाचार्य ने परीक्षा की व्यवस्था कराई। छात्र-छात्राओं की छुट्टी के बाद सिटिंग प्लान चस्पा किया गया। कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करते हुए दो गज की दूरी बरती गई है। परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कराया गया।
परीक्षा केंद्र के बाहर होगी चेकिंग:जिला विद्यालय निरीक्षक मिथिलेश कुमार ने शनिवार को बताया कि शहर मुख्यालय पर दो परीक्षा केंद्र पर डीएलएड की परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्र के बाहर छात्र-छात्राओं की चेकिंग की जाएगी। किसी भी छात्र-छात्रा को मोबाइल, पर्स, इलेक्ट्रोनिक सामान आदि ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
डीएलएड के परीक्षार्थी कम होने की वजह से शहर मुख्यालय पर दो परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। जिनमें 12 से 14 सितंबर तक परीक्षा आयोजित की जाएगी।
- मिथिलेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक