एटा। कोतवाली देहात क्षेत्र के कासगंज रोड पर कार से जा रहे फाइनेंसर पर जानलेवा हमला कर फायरिंग कर दी। गोली फाइनेंसर की कार की खिड़की में लगी। आरोपी गाली-गलौज और फायरिंग करते हुए धमकी देकर भाग गए। पिता-पुत्रों सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
शनिवार दोपहर करीब एक बजे असरौली निवासी अनिल राजपूत अपने भाई संतोष राजपूत और दोस्त राहुल यादव के साथ कार से जा रहा था। इसी दौरान एक गोली चालक की साइड वाली खिड़की में लगी। इस पर उन्होंने कार रोक ली। तभी हमलावर कासगंज रोड स्थित मोहल्ला भार्गव नगर निवासी ईशू गुप्ता, उसका भाई शिवम गुप्ता और पिता सत्यदेव गुप्ता आ गए और फायरिंग करते हुए भाग गए।
प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र ने बताया कि अनिल फाइनेंस का काम करता है। ईशू गुप्ता ने ब्याज पर रकम ली थी, इसको वापस करने को लेकर दोनों के बीच विवाद है। इसी बात को लेकर गोली चलाई गई। तहरीर के आधार पर पिता-पुत्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।