एटा। शहर के कचहरी रोड स्थित आंबेडकर पार्क के पास एक अधिवक्ता को घेरकर जानलेवा हमला करने और धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के आंबेडकर नगर निवासी अधिवक्ता गुरदीप सिंह टाइटलर ने पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि 3 नवंबर की शाम करीब 5:17 बजे वह किसी कार्य से आंबेडकर पार्क गए थे। तभी वहां मौजूद दिलीप कुमार, प्रशांत और स्वाति गौतम ने उन्हें रोक लिया और गालियां देने लगे। विरोध करने पर जानलेवा हमला कर दिया और कहा कि एक लाख रुपये खर्च करके जमानत कराई है।
अगर अधिवक्ता की पत्नी ने कोर्ट में गवाही दी या विरोध किया तो परिवार सबकी जान ले लेंगे। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे राहगीरों ने बीच-बचाव कर अधिवक्ता की जान बचाई। इसके बाद आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। सीओ सिटी राजेश सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और गहनता के साथ मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।