रविवार देर शाम सुन्नगढ़ी थाना क्षेत्र में गंगा स्नान कर लौट रही महिला (20) की हत्या कर दी गई। उसका शव एक बाजरे के खेत में नग्न हालत में मिला। इसके चलते उसके साथ दुष्कर्म की भी आशंका जताई जा रही है। शव से कुछ दूरी पर मरणासन्न हालत में उसका पति भी पड़ा मिला। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है। महिला के ससुराल वालों का कहना है कि दंपति के साथ बदमाशों ने वारदात की है, जबकि महिला के मायके वालों ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि सोमवार को महिला और उसका पति साइकिल से गंगा स्नान करने सोरों गए थे। रविवार सायं करीब छह बजे महिला के पति अपने घरवालों को मोबाइल से काल कर बताया कि गांव चंदपा के पास उसकी साइकिल में पंक्चर हो गया है। पंक्चर लगवाने में उसे देर हो गई है। देर रात तक ये घर नहीं पहुंचे तो परिवारीजनों ने उसकी तलाश शुरू की। मोबाइल भी रिसीव नहीं हो रहा था। खोजबीन के दौरान रास्ते में बाज नगर तिराहे के पास खेतों में उसकी साइकिल पड़ी हुई मिली। कुछ दूरी महिला का पति भी लहूलुहान अवस्था में पड़ा मिला। कुछ आगे बाजरे के खेत में महिला का शव पड़ा था। मुंह में कपड़ा ठुसा गया था और गला घोंटकर उसकी हत्या की गई थी। कपड़े भी घटनास्थल के पास से ही बरामद हुए। सूचना पर थाना सुन्नगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों के साथ खेतों में कांबिंग की। महिला के पति को कासगंज जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। परिवारीजनों ने दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या की आशंका जताई है। पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस हर पहलू से इस मामले की जांच कर रही है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी के अनुसार कार्रवाई होगी। उन्होंने दुष्कर्म होने की बात से इंकार किया है।
महिला के ससुरालपक्ष के लोग और ग्रामीण मायके वालों के आरोपों से सहमत नहीं है। उनका कहना है कि बदमाशों ने घटना की हैै। इनका कहना है कि पति पत्नी के बीच में कोई विवाद नहीं था। तीन महीने पहले दोनों पक्षों के बीच सुलह समझौता हो गया था और प्यार से दोनों रह रहे थे।
विवाहिता की हत्या के मामले में एसपी सुनील कुमार सिंह ने डॉग स्क्वाड को भी मौके पर बुलाया गया। उससे कोई नतीजा नहीं निकल सका।