फर्रूखाबाद से बेलोन माता मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं की कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार के चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें आधा दर्जन लोगों को कासगंज अस्पताल रेफर कर दिया। बताया गया कि श्रद्धालु अपने बच्चों का मुंडन संस्कार कराने जा रहे थे।
कार को चालक सुखवीर (55) पुत्र दयाराम निवासी साहबगंज चला रहा था। मैनपुरी-बदायूं हाईवे मार्ग पर ग्राम अशोकपुर के निकट मोड़ पर गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क किनारे खड्ड में गिर गईं। गाड़ी के खड्ड में गिरते ही श्रद्धालुओं में चीख पुकार मच गई। घटना स्थल पर मार्ग से गुजर रहे लोग एकत्रित हो गए। लोगों ने कार से घायल श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। चालक सुखवीर की मौके पर ही मौत हो गई। मौत की खबर से उसके परिवार में कोहराम मच गया ।
अंगूरीबाग मोहल्ला निवासी मानसिंह (55) पुत्र नेमसिंह, शीला (60) पत्नी भूपाल, नितिन (4) पुत्र मानसिंह, राहुल (21) पुत्र भूपाल, छोटेलाल (55) पुत्र नत्थू, बिट्टा (35) पत्नी सीताराम, अर्जुन (42) पुत्र लेखराज, शिल्पा (40) पत्नी अर्जुन, माधुरी (19) पत्नी राहुल, सीताराम (40) पुत्र भोजराज, राजवीर (30) पुत्र ओमप्रकाश निवासी घटपुरी बंदायू, जोगेंद्र (24) पुत्र मुन्नालाल निवासी भमौरा बरेली, अनूप कुमार (33) पुत्र बलवंत निवासी सिविल लाइन बंदायू, विशिन (25) पुत्र प्रशांत निवासी बड़े आगपुर देवरिया, गंगाराम (35) पुत्र विश्नु, सोनू (18) पुत्र अमर सिंह निवासी शेखूपुरा, जिला शेखपुरा मध्यप्रदेश आदि गुरुवार की देर रात बेलोन मंदिर नवमी पर माता के दर्शन के करने के लिए जा रहे थे। जानकारी पुलिस को दी गई। कोतवाली प्रभारी अरुण कुमार चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने चालक सुखवीर को मृत घोषित कर दिया। जबकि राजवीर, जोगेंद्र, अनूप कुमार विशिन, गंगाराम को गंभीर अवस्था में कासगंज रेफर कर दिया।