जिला मुख्यालय से गुरुवार शाम बाइक से अपने गांव जा रहे एक युवक को महोली कस्बे में नई तहसील गेट के पास एक ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक समेत भाग निकला था। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
पिसावां के महतनिया गांव निवासी आशीष (22) पुत्र राजेश कुमार गुरुवार को बाइक से जिला मुख्यालय आया था। यहां से देर शाम वह गांव लौट रहा था। जब वह महोली कस्बे में नई तहसील गेट के सामने पहुंचा, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने आशीष की बाइक में टक्कर मार दी।
इससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।