एटा। थाना पिलुआ क्षेत्र के गांव पुठिया निवासी एक महिला को नशीला पदार्थ लिखाकर खेत का एग्रीमेंट करा लिया। जब शनिवार को दबंग खेत पर कब्जा करने पहुंचे तो महिला अपनी बेटी के साथ विरोध करने पहुंच गई। जहां पर मां-बेटी को पीटा। पुलिस ने महिला की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शनिवार को गांव पुठिया निवासी अनुसूचित जाति की महिला विमला देवी पत्नी भगवान सिंह का आरोप है कि सुभाष पुत्र रामनाथ निवासी नगला दली सहित पांच लोगों ने एक वर्ष पूर्व नशीला पदार्थ खिलाकर खेत का एग्रीमेंट अपने हक में धोखाधड़ी से कर लिया। एग्रीमेंट होने की उसे भनक तक नहीं लगी, शनिवार को आरोपी खेत पर कब्जा करने पहुंच गए। महिला अपनी बेटी के साथ खेत पर पहुंची और विरोध करने लगी। तभी आरोपियों ने मां-बेटी की पिटाई कर दी, दंबगों की पिटाई से महिला के सिर में चोट लग गई। घायल महिला को लेकर बेटी थाना पहुंची और अपने साथ हुई वारदात के बारे में जानकारी दी।
सीओ सदर इरफान नासिर खान ने बताया है कि महिला का आरोप है कि एक वर्ष पूर्व नशीला पदार्थ खिलाकर खेत का एग्रीमेंट आरोपियों ने अपने हक में करा लिया था। महिला और उसकी बेटी के साथ कब्जा का विरोध करने पर मारपीट की है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करा दिया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।