एटा। थाना मलावन क्षेत्र से रेलवे लाइन पर लगी लाखों रुपये की तार को चोरी कर लिया गया। कार्यदायी संस्था की ओर से सुरक्षा में लगाए गए दो गार्डाें के खिलाफ ही संदिग्ध होने पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। जबकि दो अन्य जगहों से चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
रेलवे विद्युतीकरण का तार चोरी करने की रिपोर्ट कार्यदायी संस्था बीएसटी इंफ्राटेक लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर दिलीप बारिक निवासी कोरूआ उराली थाना व जिला कटक उड़ीसा ने दर्ज कराई है। आरोप है कि विद्युतीकरण की देखभाल व सुरक्षा के लिए गनमैन जगदीश्वर निवासी नगला भूपाल थाना मलावन और गार्ड वीरेश कुमार निवासी मोहल्ला भूतेश्वर कासगंज को रखा गया था। इसके बाद भी 2 सितंबर की रात में खंभा संख्या 32 से 58 तक बिछा कॉपर का तार लंबाई करीब 320 मीटर और 11 सितंबर की रात खंभा 30 से 32 के 27 मीटर चोरी कर लिया गया।
जबकि कंपनी की ओर से गश्त करते रहने के लिए ही दोनों गार्डाें की नियुक्ति की गई। दोनों ही गार्डाें पर तार चोरी करने का आरोप लगाया गया है। चोरी तार की कीमत एक लाख से अधिक की बताई जा रही है। प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र नाथ मिश्रा ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है।