रेलवे स्टेशन के पास नए रेलवे ट्रेक के लिए की जा रही खोदाई ।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। उत्तर मध्य रेलवे की ओर से रेलवे स्टेशन के पास दो नए ट्रैक और वर्कशॉप का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। ट्रैक का निर्माण पूरा होने के बाद यहां पर एक साथ दो गाड़ी खड़ी हो सकेंगी। वहीं इसके पास तीन नए भवन बनाए जा रहे हैं। जिसमें वर्कशॉप और कार्यालय बनाए जाएंगे।
रेलवे प्रशासन की ओर से शहर के रेलवे पुल से करीब 600 मीटर लंबे दो ट्रैक का निर्माण रेलवे स्टेशन की ओर कराया जा रहा है। वर्तमान में सिर्फ एक ही ट्रैक है, जिससे मालगाड़ी व पैसेंजर ट्रेन का आवागमन होता है। एक ट्रैक होने की वजह से मालगाड़ी को दो भागों में खड़ा करना पड़ता है। नए ट्रैक का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इस समस्या से निजात मिलेगी। ट्रैक के निर्माण के लिए जेसीबी मशीन द्वारा वर्तमान में स्थित ट्रैक के बराबर में ही खोदाई कराना शुरू कर दिया है।
केबल को कराया गया शिफ्ट
सीनियर सेक्शन इंजीनियर धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि दो नए ट्रैक के निर्माण से पहले यहां सिग्नल के लिए लगी केबलों को शिफ्ट करा दिया गया है। ट्रैक निर्माण होने के बाद यहां नई केबल लगाई जाएगी।
बनाए जा रहे कार्यालय व वर्कशॉप
सीनियर सेक्शन इंजीनियर ने बताया कि दो नए ट्रैक निर्माण के समीप ही तीन भवन बनाए जा रहे हैं। पहला भवन लोकल शेड के लिए होगा। दूसरे भवन में वर्कशॉप बनाया जा रहा है। वहीं तीसरे भवन में असिस्टेंट इलेक्ट्रिकल इंजीनियर (एईई) के लिए कार्यालय बनाया जा रहा है।