एटा। ग्राम पंचायत जमालपुर गादुरी में मनरेगा के घोटाला कर 34 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया गया है। सचिव, रोजगार सेवक और तकनीकी सहायक पर रुपये गबन करने का आरोप है। इसकी जांच के लिए समिति बनाई गई है। विकासखंड अवागढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत जमालपुर गादुरी के अनिल कुमार पुत्र चरन सिंह ने डीएम अंकित अग्रवाल को शिकायती पत्र दिया है।
आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत सचिव सुरेंद्र सिंह, रोजगार सेवक प्रवीन कुमार और तकनीकी सहायक चंद्रप्रकाश सिंह ने मिलकर मनरेगा का काम बाहर के मजदूरों के नाम दिखाकर करीब 34 लाख रुपये बिना काम कराए निकाल लिए। शिकायत के बाद मामले की जांच पीडी डीआरडीए निर्मल कुमार द्विवेदी को सौंपी गई है। पीडी ने बताया कि इस संबंध में तीन सदस्यीय टीम का गठन किया गया है।
पहले भी हो चुकी है शिकायत
ग्राम पंचायत जमालपुर गादुरी के मनरेगा मामले में पहले भी जांच की जा चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर जिलाधिकारी से फिर शिकायत कर जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।